सागर पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा
विस्तार Follow Us
सानौधा पुलिस ने 9 माह पुराने अंधे कत्ल के मामले का खुलासा किया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब 10 दिसंबर 2023 को गलगल टोरिया मंदिर के पास एक अधजली लाश मिली। मर्ग कायम कर जांच की गई, जिसमें मृतक की पहचान बृजलाल अहिरवार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इसे हत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार सागर जिले की थाना सानौधा पुलिस को 10 दिसंबर 2023 को सूचना प्राप्त हुई थी कि गलगल टोरिया मंदिर के पास पठार तरफ रोड किनारे एक अज्ञात व्यक्ति की शव पड़ा हुआ है। जिस पर तत्काल सालौथा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शव मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में लिया था। मर्ग जांच एवं पी.एम. रिपोर्ट के आधार पर यह मामला हत्या का निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया अज्ञात मृतक की पहचान बृजलाल अहिरवार उम्र 40 वर्ष निवासी मगरौन के रूप में हुई थी।
पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि बृजलाल का पत्नि से अकसर झगड़ा होता था। पत्नि तथा गांव के मोनू शाह के बीच लगातार बातचीत होने की जानकारी भी पता चली। मोनू शाह का बृजलाल की पत्नि के साथ अवैध संबंधों का पता चला। उक्त जानकारी संज्ञान में आने के उपरांत पुलिस ने मोनू शाह से उक्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की। मोनू शाह ने कविता के साथ अपने अवैध संबधों को स्वीकार किया। इसी पूछताछ में उसने हत्या का खुलासा किया। बताया कि बृजलाल की पत्नि और अपने दोस्त उमेश अहिरवार के साथ मिलकर बृजलाल की हत्या की थी।
खाने में मिलाई थी नींद की गोली
आरोपियों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि मोनू शाह ने मेडिकल स्टोर से नींद की गोलियां खरीदकर मृतक की पत्नि को दी थी। मृतक बृजलाल के शराब पीकर घर आने पर पत्नि ने उसको खाने में नींद की गोली मिला खाना खिलाया। कुछ देर बाद ही गोली के असर से वह बेहोश हो गया। इसके बाद को मोनू शाह बृजलाल के घर आया। इसके बाद पत्नि कविता और मोनू दोनों ने मिलकर गमछे से गला दबाकर बृजलाल की हत्या कर दी। इसके बाद मोनू और दोस्त उमेश ने शव को बोरी में भरकर रजाई में लपेटकर मोटर साइकिल से गलगल टोरिया पहाड़ी के पीछे वाले मैदान में ले गए। वहां मोटर साइकिल से पेट्रोल निकाल कर पहचान छिपाने की नीयत से शव को पेट्रोल छिड़ककर जला दिया था।
Comments