मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव – फोटो : अमर उजाला
विस्तार Follow Us
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में सोमवार को संभाग प्रभारी, लोकसभा संयोजक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारियों की बैठक में लोकसभा चुनाव के परिणामों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एमपी के चुनाव में सभी ने एकजुटता के साथ काम किया। यह रिकॉर्ड कभी नहीं तोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि टोली के साथ समीक्षा की गई। सभी ने अपने अपने अनुभव साझा किए। हमें 60 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिला। कांग्रेस 30 प्रतिशत में सिमटकर रह गई। उन्होंने सभी को इसके लिए बधाई दी। सीएम ने कहा कि हर बार जनता के बीच वोट प्रतिशत बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता संभालने के कुछ ही समय बाद लोकसभा चुनाव की आचार संहिता प्रभावी हो गई। विकास कार्यों को करने के लिए अधिक समय नहीं मिला था। अब आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी विधायकों, जिला अध्यक्षों के साथ प्रदेश संगठन के साथ मिलकर आगामी चार वर्ष के विकास का रोडमैप बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए सत्ता और संगठन में समन्वय के माध्यम से तकनीक का उपयोग कर प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश के विकास को और गति देने के लिए ओद्यौगिकीकरण के लिए सुविचारित प्रयास किया जाएगा।
24 जून को दुर्गावती की जयंती
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जून को दुर्गावती की जयंती मनाई जाएगी। रानी दुर्गावती ने अकबर को युद्ध में टक्कर दी थी। महारानी अहिल्याबाई का 300वां जयंती वर्ष चल रहा है। सीएम ने कहा कि सरकार भविष्य के विकास के प्लान बना रही है। हम भविष्य में अच्छा करेंगे।
अमरवाड़ा में फिर जीत होगी
मुख्यमंत्री ने अमरवाड़ा उपचुनाव को लेकर कहा कि छिंदवाड़ा के बाद अमरवाड़ा में फिर जीत होगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को अमरवाड़ा जाएंगे। वहां अमरवाड़ा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह का नामांकन भरवाएंगे। सीएम ने कहा कि इस बार चुनाव में नया प्रयोग किया। आम सभा की बजाए रोड शो ज्यादा किया। उन्होंने कहा कि बैठक में जनता का विश्वास और कैसे हासिल करे इसकी भी चर्चा हुई है।
Comments