सिवनी में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। – फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार Follow Us
मध्यप्रदेश के सिवनी में हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों घर से नहाने का कहकर निकले थे। बताया जा रहा था कि वे कुएं के पास नहा रहे थे, पर पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में गिर गए और दोनों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मामला सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनवारा कला ग्राम का है। पुलिस ने बताया कि पुनवारा कला ग्राम में दो बच्चे कुएं में नहाने गए हुए थे। तभी पैर फिसल जाने से बच्चे कुँए में गिर गए। बच्चों की कुएं के पानी में डूबने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जैसे ही ग्रामीणों और परिजनों को घटना का पता चला तो सभी कुएं के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने कुएं के अंदर घुसकर बच्चों के शवों को निकाला और अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 12 वर्षीय रामजी पिता सूरज मरकाम कक्षा सातवीं में पढ़ता था। दुर्गेश पिता निरंजन यादव (11) कक्षा छठी का विद्यार्थी था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चों के शव का पंचनामा बनाते हुए पोस्टमार्टम के लिए सिविल लखनादौन भेजा। पुलिस परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। वहीं नहाने के लिए कुआं गए हुए थे। जहां गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच रही है। इस घटना के बाद गाँव में मातम पसर गया है।
Comments