प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – फोटो : ANI
विस्तार Follow Us
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस दोनों हर वर्ग को साधने में जुट गए हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सागर में कई विकास योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण करने के साथ ही बड़तूमा में 100 करोड़ की लागत से बनने वाले संत रविदास मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इसे आदिवासियों के बाद अनुसूचित जाति वर्ग को साधने की रणनीति माना जा रहा है। प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के 15 प्रतिशत मतदाता हैं। प्रदेश की 230 सीटों में से 35 सीटें इसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वहीं, 15 से 20 सीटें ऐसी हैं, जिन पर अनुसूचित जाति वर्ग हार जीत तय करता है। यही वजह है कि अब भाजपा की नजर आदिवासी वर्ग के बाद अनुसूचित जाति वर्ग पर है। वहीं, बुंदेलखंड में कुल 26 सीटें है। इनमें से छह सीटें अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इसमें से पांच सीटों पर भाजपा का कब्जा है।
इसलिए रविदास मंदिर के लिए सागर का चयन?
बुंदेलखंड में संत रविदास महाराज के अनुयायियों की तादाद गांव-गांव में है। यहां भाजपा लगातार महाकुंभ का आयोजन करती आ रही है। इससे लोगों को पार्टी से जोड़े रखा है। लोग भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। यही वजह है कि सागर में संत रविदास महाराज का मंदिर निर्माण का निर्णय लिया गया है। इससे पूरे प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग में संदेश जाएगा। इसका फायदा पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में होने की उम्मीद है।
2018 में भाजपा ने जीती कांग्रेस से ज्यादा सीटें
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित 35 सीटों में से सबसे ज्यादा सीटें भाजपा ने जीती थीं। भाजपा ने अनुसूचित जाति वर्ग की आरक्षित सीटों में से 18 पर जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थी। इसके बाद 2020 के उपचुनाव में आठ सीटें अनुसूचित जाति वर्ग की थीं। इसमें से भाजपा तीन सीट गोहद, डबरा, करेरा हार गई थी। जबकि अम्बाह, भांडेर, अशोकनगर, सांची और सांवेर पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, 2021 में रैगाव सीट कांग्रेस से भाजपा हार गई।
बुंदेलखंड समेत आसपास की सीटों पर फोकस
जानकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री सागर में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इससे बुंदेलखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी फायदा होगा। इससे भाजपा का फोकस बुंदेलखंड की 26 सीटों के साथ ही उससे लगी आसपास की सीटों पर भी है। पार्टी का मानना है कि पीएम की सभा से उसे आगामी विधानसभा चुनाव में फायदा होगा।
MP News: सागर में संत रविदास मंदिर से प्रधानमंत्री मोदी साधेंगे अनुसूचित जाति के 15% वोट MP News: Prime Minister Modi will get 15% of scheduled caste votes from Sant Ravidas temple in Sagar
Comments