न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सागर Published by: अरविंद कुमार Updated Mon, 28 Aug 2023 09: 29 AM IST
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए फॉलो करें
मध्यप्रदेश के सागर जिले से रविवार को सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुरई क्षेत्र के बरोदिया नोनगर गांव में एक 18 साल के युवक की कुछ दबंग लोगों ने बीच रास्ते में पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है, दबंगों ने युवक को बचाने पहुंची उसकी मां को निर्वस्त्र कर घुमाया, युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। दलित युवक की हत्या पर खरगे का बयान – फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार Follow Us
सागर में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को बचाने पहुंची उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर पीटा। दरअसल, कुछ दिनों पहले मृतक की बहन के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की थी, जिसका केस दर्ज हुआ था। आरोपी पीड़ित परिवार पर राजीनामा का दबाव बना रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ये मामला खुरई देहात थाना क्षेत्र के बरोदिया नोनगर का है। यहां कुछ दबंगों ने दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बीच-बचाव करने आई मृतक की मां को निर्वस्त्र पीटा था। यह घटना सामने आने के बाद पुलिस ने नौ नामजद और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात में शामिल आरोपी सरपंच पति समेत अन्य फरार हैं। घटना को लेकर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कलेक्टर दीपक आर्य भी मौके पर पहुंचे थे। मृतक के परिजनों ने शव का 40 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं किया। परिजनों ने 10 मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद अंतिम संस्कार किया था। मृतक के परिजनों की मांग है कि आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।
मृतक की बहन ने बताई पूरी कहानी
मृतक की बहन ने कहा कि गांव के विक्रम सिंह, कोमल सिंह और आजाद सिंह घर पर आए थे। मां से कहने लगे कि राजीनामा कर लो। मां ने कहा कि जब पेशी होगी तो उसी दिन राजीनामा कर लेंगे तो उन्होंने कहा कि क्या आपको अपने बच्चों की जान प्यारी नहीं है। ऐसा बोलकर वह धमकी देकर गए कि जो हमें जहां मिलेगा, उसको निपटा देंगे। हमारा छोटा भाई बस स्टैंड के पास सब्जी लेने गया था, वहां से आ रहा था। रास्ते में आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगे। वह भागने लगा तो कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया, उसके साथ बहुत मारपीट की।
बहन ने आगे कहा कि मम्मी जब बाजार की तरफ गईं तो देखा कि वे भाई के साथ मारपीट कर रहे हैं तो मम्मी उसको बचाने पहुंचीं। आरोपियों ने मम्मी को भी पीटा, जब हम गए तो मैंने मोबाइल निकाला और पुलिस को कॉल करने लगी तो मोबाइल छुड़ा लिया। इन लोगों ने मेरे साथ भी मारपीट शुरू कर दी। मैंने हाथ जोड़े, पैर पड़कर कहा कि मेरे भाई को छोड़ दो, उन्होंने नहीं छोड़ा।
युवक की बहन ने कहा कि आरोपियों ने भाई और मां को बहुत मारा। फिर वहां से मैं भागी, उन लोगों ने मेरा पीछा किया। मैं जंगल में जाकर छिप गई। आरोपियों ने इससे पहले मेरे साथ छेड़छाड़ की थी। मुझे धमकी दी कि यहीं 376 कर देंगे, जिससे शिकायत करना है कर देना। इसके बाद मां को बेपर्दा कर दिया, उस समय वहां 70 लोग मौजूद थे। भाई बेहोश पड़ा था, इसके बाद वह भाग गए।
इनके खिलाफ केस दर्ज
बता दें कि 41 वर्षीय मुख्य आरोपी विक्रम सिंह ठाकुर समेत 36 वर्षीय आजाद ठाकुर, 37 वर्षीय इस्लाम खान, 36 वर्षीय गोलू उर्फ सुशील कुमार सोनी, 28 वर्षीय अनीश खान, 22 वर्षीय गोलू उर्फ फरीम खान, 28 वर्षीय अभिषेक रैकवार और 19 वर्षीय अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी बरौदिया नोनगर के रहने वाले हैं। पुलिस फरार आरोपी कोमल सिंह ठाकुर समेत अन्य की तलाश कर रही है।
क्या बोले एडिशनल एसपी?
एडिशनल एसपी संजीव उईके ने कहा, बड़ोदिया गांव में युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। नौ लोगों के खिलाफ नामजद और तीन-चार अन्य के खिलाफ 307 के तहत केस दर्ज किया था। अस्पताल में मौत होने के बाद धारा-302 और एससी-एसटी एक्ट भी लगा दिया गया। दाह संस्कार के लिए परिजन आरोप लगा रहे थे कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, इसमें 13 में से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, शेष की भी तलाश की जा रही है। जो मृतक लड़का है, उस पर सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा…
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मध्यप्रदेश के सागर में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गुंडों ने उसकी मां को भी नहीं बख्शा। सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री मध्यप्रदेश में लगातार होते दलित व आदिवासी उत्पीड़न एवं अन्याय पर चूं तक नहीं करते। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छुपाने की कोशिश करते हैं।
खरगे ने आगे लिखा, भाजपा ने मध्यप्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना रखा है। भाजपा शासित मध्यप्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है, राष्ट्रीय औसत से भी तीन गुना है। मोदी जी, इस बार मध्यप्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है। समाज के वंचित व शोषित वर्ग को तड़पाने-तरसाने का जवाब आपको कुछ महीने बाद मिल जाएगा, भाजपा की विदाई निश्चित है।
कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बोले…
कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के द्वारा बनाई गई जांच कमेटी गांव पहुंची थी। टीम ने मृतक युवक के परिजनों से बातचीत की और पूरी घटना की जानकारी ली। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कमलनाथ ने बहुत ही दर्दनाक और गंभीर घटनाक्रम को लेकर तत्काल प्रभाव से कमेटी का गठन किया है।
चौधरी ने कहा कि खुरई ही नहीं पूरा जिला शर्मसार हुआ है, मध्यप्रदेश शर्मसार हुआ है। मुख्यमंत्री और यहां से जो मंत्री हैं, उन्होंने आज तक चुप्पी नहीं तोड़ी है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम बेटियों के मामा हैं। आज इस तरह से बेटी की लाज लूटने का काम हो रहा है और मामा चुप हैं। हम लोगों ने इस मामले को संवेदनशीलता से लिया है। यह रिपोर्ट हम लोग कमलनाथ को भेजेंगे।
बसपा प्रमुख मायावती बोलीं- संत रविदास के भक्तों पर जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर
मामले में कांग्रेस, भीम आर्मी के बाद अब बसपा की भी एंट्री हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि मध्यप्रदेश के सागर में जहां अभी हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने संतगुरु रविदास जी का स्मारक बनाने की नींव बड़े तामझाम से रखी, उसी क्षेत्र में उनके भक्तों के साथ जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर है, जो भाजपा और उनकी सरकार के दोहरे चरित्र का जीता-जागता प्रमाण है।
मायावती ने आगे कहा, खुरई विधानसभा क्षेत्र में मंत्री के गुर्गे दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ के बाद राजीनामा न करने पर युवक की पीट-कर हत्या कर देते हैं। मां को निर्वस्त्र कर हाथ तोड़ देते हैं, बहन के साथ मारपीट कर घर को ढहा देते हैं। ऐसा भयानक दृश्य भाजपा के शासन में हो रहा है। मायावती ने आगे लिखा कि इस प्रकार की क्रूर जातिवादी घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। मध्यप्रदेश सरकार में ऐसी और भी जघन्य घटनाएं लगातार होती रही हैं, किंतु न तो भाजपा और न ही उनकी सरकार इसकी रोकथाम के लिए गंभीर नजर आती है, यह अति दु:खद, निंदनीय और चिंतनीय है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
Comments