2040 में चंद्रमा पर कदम रखेगा भारतीय नागरिक – फोटो : अमर उजाला
विस्तार वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
दुनियाभर में अपने विज्ञान का डंका बजा रहा भारत अब नए कीर्तिमान रचने जा रहा है। इसरो के पूर्व चीफ के सिवन ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि भारत अब तीन बड़े प्रोजेक्ट लांच कर रहा है, जिनकी सफलता के बाद दुनिया में भारत का कद और भी अधिक बढ़ जाएगा।
पहला प्रोजेक्ट- चंद्रयान मिशन 4
इसरो ने चंद्रयान 4 मिशन पर काम शुरू कर दिया है। के सिवन ने बताया कि इसमें हम चंद्रमा पर जाकर वापस आने का प्रोजेक्ट प्लान कर रहे हैं। हमारी कोशिश रहेगी कि हम चंद्रमा पर अपना चंद्रयान उतारकर वहां के सैंपल कलेक्ट करें और चंद्रयान को वापस बुलाकर उन सैंपल का अपनी लैब में अध्य्यन कर सकें।
दूसरा प्रोजेक्ट- अंतरिक्ष स्टेशन
के सिवन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार हम अब एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इसके तहत हम 2035 तक अंतरिक्ष में अपना स्पेस स्टेशन तैयार कर लेंगे। इसके लिए एक नेशनल लेवल कमेटी बनाई गई है जो समय रहते इस पर काम शुरू कर लेगी।
तीसरा प्रोजेक्ट – गगनयान
इन दोनों प्रोजेक्ट के साथ सबसे अधिक महत्वाकांक्षी तीसरे बड़े प्रोजेक्ट पर भी इसरो काम शुरू कर चुका है। इस प्रोजेक्ट को नाम दिया गया है गगनयान। इस प्रोजेक्ट के तहत 2040 में भारत पहली बार चंद्रमा पर किसी भारतीय नागरिक को उतारेगा।
दूसरे देशों की मदद लेना जरूरी, रूस ने हमेशा साथ दिया
के सिवन ने कहा कि दूसरे देशों की स्पेस एजेंसी की मदद लेना जरूरी है। पूरी दुनिया विज्ञान के क्षेत्र में एक दूसरे की मदद करके आगे बढ़ रही है। किसी की एक क्षेत्र में विशेषज्ञता है तो किसी की दूसरे क्षेत्र में। इसलिए हमें एक दूसरे की मदद करना चाहिए। सिवन ने पीएम मोदी की हाल में हुई रूस की यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रूस ने भारत के अंतरिक्ष मिशन को सफल बनाने के लिए हमेशा मदद की है और वह आगे भी मदद करता रहेगा।
Comments