न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: आनंद पवार Updated Fri, 18 Aug 2023 12: 12 PM IST
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का काउंट डाउन शुरू होने के साथ ही कांग्रेस भाजपा पर भ्रष्टाचार को लेकर हमलावर है। कांग्रेस भ्रष्टाचार ओर करप्शन के मुद्दे पर भाजपा को घेरने के लिए नए-नए तरीके से निशाना बना रही है। अब यूथ कांग्रेस की ओर से एक नया पोस्टर, ‘मामाटो’ जारी किया गया है। इसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान की तस्वीर है। साथ ही नीचे लिखा है आज 50% कमीशन लाएं, घोटालों की फ्री होम डिलीवरी पाएं। साथ ही एक अन्य पोस्टर में सीएम शिवराज को शेफ बताया गया है, जिनको टेंडर, कमीशन और घोटाले की स्पेशल खिचड़ी पकाते दिखाया गया है।
कांग्रेस के पोस्टर पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केशवानी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब मुद्दे बचे नहीं हैं। इसलिए कांग्रेस का डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट झूठ, छल, कपट, धोखा, प्रपंच और षड्यंत्र कर पोस्टर डाल सीएम शिवराज की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। इसको प्रदेश की जनता भलीभांति समझती है। जनता कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है। केशवानी ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी पर 20 लाख करोड़ के घोटाले-घपलों के आरोप हैं, जो भ्रष्टाचार के पक्ष में धरना देते हों। वही आज झूठे आरोप लगाने का काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश की जनता भाजपा को 20 साल से आशीर्वाद देते आ रही है और इन 20 सालों में एक भी मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में कभी जेल नहीं गया। इससे साफ है कि कांग्रेस सत्ता पाने के लिए षड्यंत्र कर झूठे वचन देकर फिर से सत्ता प्राप्ति की कोशिश कर रही है।
इससे पहले भी भाजपा और कांग्रेस की तरफ से पोस्टर सामने आ चुका है। इसमें पीसीसी चीफ कमलनाथ के लिए करप्शनाथ के पोस्टर लगे थे। इसके बाद शिवराज के खिलाफ घोटाला राज के पोस्टर लगे थे। कांग्रेस ने भाजपा पर पोस्टर लगाने के आरोप लगाए थे। हालांकि भाजपा ने पोस्टर लगाने की बात से इनकार कर इसे कांग्रेस का अंतरद्वंद्व बताया था।
Comments