न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: अर्जुन रिछारिया Updated Fri, 28 Jun 2024 08: 52 PM IST
क्या आपने कभी सुना है कि पेड़ों को काटकर पौधे लगाए जा रहे हों। जी हां, इंदौर में यही हो रहा है। सरकार द्वारा 51 लाख पौधे लगाने के इवेंट के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जगह नहीं मिल रही है। इसके लिए जहां पर पेड़ लगे हैं उन्हें काटकर फिर से पौधे लगाए जा रहे हैं।
मल्हार आश्रम क्षेत्र में शिवालय मार्ग पर लोखंडे ब्रिज के पास बड़ी संख्या में पेड़ों को काटकर पौधरोपण किया जा रहा है। अमर उजाला को जब इसकी जानकारी मिली तो मौके पर जाकर पड़ताल की गई। मौके पर नगर निगम के अधिकारी और पार्षद सुरेश टाकलकर मिले। पार्षद ने कहा कि यह पेड़ किसी काम के नहीं थे इसलिए काट दिए हैं वहीं निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पर कोई बयान नहीं दिया।
रहवासियों ने मेहतन की, सब बेकार हो गई
इसी क्षेत्र के पूर्व भाजपा पार्षद कमलेश नाचान ने कहा कि हमने पांच से सात साल पहले यहां बड़ी संख्या में पौधे लगाए थे जब यह पेड़ बन गए तो उन्हें काट दिया गया। पौधे लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र के रहवासियों ने सहयोग किया था। रामबाग, गणेश कालोनी, नारायण बाग आदि क्षेत्रों के रहवासियों ने यह पौधे लगाए थे। इस तरह से पेड़ों को काटकर नए पौधों को क्यों लगाया जा रहा है, यह हमें भी समझ नहीं आ रहा। रहवासियों की पूरी मेहनत बेकार हो गई।
पार्षद बोले मुझे इवेंट करवाना है, पता नहीं पेड़ किसने काटे
पार्षद सुरेश टाकलकर ने कहा कि हमें तो यहां पर पौधे लगाना है और बड़ा इवेंट करना है। हम यहां पर लोगों को भोजन भी करवाएंगे, बड़ा कार्यक्रम करेंगे। मुझे नहीं पता यहां पर पेड़ किसने कटवाए हैं।
Comments