ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से श्रद्धालु घायल – फोटो : अमर उजाला
विस्तार Follow Us
दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के झीलवाली घाटी पर एक ढलान से उतरते समय ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे ट्रॉली में सवार महिलाएं और पुरुष घायल हो गए। हादसे के बाद चारों और चीख पुकार मच गई। घटना में करीब 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है कि हादस के वक्त ट्रैक्टर में दो ट्रॉलियां फंसी थी और दोनों पलट गई।
सभी घायल नरसिंहपुर जिले के बरमान के निवासी हैं, जो दमोह के जागेश्वरनाथ के दर्शन कर वापस जा रहे थे और रास्ते में यह हादसा हो गया।
ढलान पर न्यूटल था ट्रैक्टर
घटना तेजगढ़ से झलौन मार्ग पर पड़ने वाली झील वाली घाटी के आगे की बताई जा रही है। जब घटिया पार करने के बाद ट्रैक्टर चालक ने ढलान को देखते हुए ट्रैक्टर को न्यूटल कर दिया और ट्रैक्टर तेज रफ्तार से चलने लगा। चालक ने ट्रैक्टर को काबू करने का काफी प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर मुख्य मार्ग पर पलटा इसलिये इसकी सूचना तत्काल तेजगढ़ पुलिस को मिल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तेजगढ़ प्राथमिक स्वास्थ केंद्र भिजवाया। एक की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है जिसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना कि जानकारी लगते ही तेजगढ़ थाने से उपनिरीक्षक डीपी साहू प्रधान आरक्षक हरिचरण गर्ग, नगर सैनिक राकेश पाठक मौके पर पहुंचे। प्रधान आरक्षक हरिचरण गर्ग ने बताया घटना कि सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ट्रैक्टर करेली जिला नरसिंहपुर का है, जिसमें सवार दर्जनों लोग बांदकपुर में भगवान के दर्शन करने गए थे। लौटते समय यह घटना हुई है। घायलों का उपचार तेजगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। एक की हालत ज्यादा गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
Comments