मुख्य बातें
Chandrayaan-3 Live Updates: अंतरिक्ष अभियान में बड़ी छलांग लगाते हुए भारत का चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा, जिससे देश चांद के इस क्षेत्र में उतरने वाला दुनिया का पहला तथा चंद्र सतह पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है. 14 जुलाई को 41 दिन की चंद्र यात्रा पर रवाना हुए चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ और इस प्रौद्योगिकी में भारत के महारत हासिल करने से पूरे देश में जश्न का माहौल है. चंद्रयान-3 से जुड़ी हर जानकारी के लिए आप बने रहें प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ.
लाइव अपडेट
Thu, Aug 24, 2023, 8: 16 PM IST
चांद पर यह चलना शुरू हो चुका है चंद्रयान-3 का रोवर
चंद्रयान-3 से संबंधित बड़ा अपडेट सामने आ रहा है. इसरो ने आधिकारिक हैन्डल से संदेश भेजा है कि रोवर से MOX निकल चुका है और चांद पर यह चलना शुरू हो चुका है.
Thu, Aug 24, 2023, 6: 29 PM IST
कर्नाटक सरकार इसरो की टीम को करेगी सम्मानित
चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ को ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार इसके लिए इसरो की टीम को आधिकारिक तौर पर सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी. मुख्यमंत्री ने यहां भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के ‘टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क’ (आईएसटीआरएसी) का दौरा किया और सफल लैंडिंग के लिए इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ और उनकी टीम को बधाई दी. सिद्धरमैया ने वहां इसरो वैज्ञानिकों और अधिकारियों से बातचीत की और उनकी उपलब्धि की सराहना की.
Thu, Aug 24, 2023, 4: 45 PM IST
Chandrayaan 3 Live: जी20 प्रतिनिधियों ने की चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग की सराहना
संस्कृति कार्य समूह की चौथी बैठक के लिए यहां एकत्र हुए जी20 प्रतिनिधियों ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग की सराहना की है. जी20 के संस्कृति कार्य समूह की चौथी बैठक बृहस्पतिवार को वाराणसी शहर में शुरू हुई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में चंद्रयान मिशन की सफलता के लिए मंदिरों और घाटों पर पूजा-पाठ किया गया था. केन्द्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने बैठक में स्वागत भाषण दिया. चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के साथ ही भारत बुधवार को अमेरिका, चीन और तत्कालीन सोवियत संघ के बाद चंद्रमा पर सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान उतारने वाला चौथा देश बन गया. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश में जश्न मनाया गया.
Thu, Aug 24, 2023, 2: 54 PM IST
Chandrayaan 3 Live: तेजस्वी यादव ने वैज्ञानिकों को सफल लैंडिंग पर दी बधाई
बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने चंद्रयान 3 के सफल लैंडिंग पर वैज्ञानिकों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वैज्ञानिकों की उपलब्धि है और हम उन्हें बधाई देना चाहते हैं.
Thu, Aug 24, 2023, 1: 39 PM IST
Chandrayaan 3 Live: रोवर ‘प्रज्ञान’ लैंडर ‘विक्रम’ से बाहर निकला, चंद्रमा की सतह पर चक्कर लगाएगा
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से जुड़े सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि रोवर ‘प्रज्ञान’ लैंडर ‘विक्रम’ से बाहर निकल आया है और यह अब यह चंद्रमा की सतह पर घूमेगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘विक्रम’ लैंडर से रोवर ‘प्रज्ञान’ के सफलता पूर्वक बाहर आने पर इसरो की टीम को बधाई दी.
Thu, Aug 24, 2023, 1: 38 PM IST
Chandrayaan 3 Live: ब्रिक्स में बोले पीएम मोदी- चंद्रयान-3 की सफलता पर सभी देशों से मिल रही बधाई
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, चंद्रयान-3 की सफलता पर पूरे विश्व से भारत को बधाई मिल रही है.
Thu, Aug 24, 2023, 1: 34 PM IST
Chandrayaan 3 Live: इसरो प्रमुख ने बताया, दक्षिणी ध्रुव को ही क्यों चुना
इसरो द्वारा चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लिए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव को चुनने पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा, हम दक्षिणी ध्रुव के करीब चले गए जो लगभग 70 डिग्री है. दक्षिणी ध्रुव में सूर्य की किरणें कम पड़ती हैं. उन्होंने कहा, चंद्रमा पर काम कर रहे वैज्ञानिकों ने दक्षिणी ध्रुव में बहुत रुचि दिखाई क्योंकि अंततः मनुष्य वहां जाकर उपनिवेश बनाना चाहते हैं और फिर उससे आगे की यात्रा करना चाहते हैं. इसलिए हम सबसे अच्छी जगह की तलाश कर रहे हैं और दक्षिणी ध्रुव में वह क्षमता है.
Thu, Aug 24, 2023, 1: 27 PM IST
Chandrayaan 3 Live: इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने बताया, रोवर प्रज्ञान के पास हैं दो उपकरण
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने बताया, प्रज्ञान रोवर के पास दो उपकरण हैं, दोनों चंद्रमा पर मौलिक संरचना के निष्कर्षों के साथ-साथ रसायनिक संरचनाओं से संबंधित हैं…इसके अलावा, यह सतह पर चक्कर लगाएगा. हम एक रोबोटिक पथ नियोजन अभ्यास भी करेंगे जो हमारे लिए भविष्य के अन्वेषणों के लिए महत्वपूर्ण है.
Thu, Aug 24, 2023, 1: 04 PM IST
Chandrayaan 3 Live: इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने प्रज्ञान रोवर के बारे में दी जानकारी
चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के एक दिन बाद इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने प्रज्ञान रोवर के बारे में पूरी जानकारी दी. उन्होंने यह भी बताया कि यह चंद्रमा पर कैसे काम करेगा.
ISROChandrayaanChandrayaan 3Published Date
Thu, Aug 24, 2023, 8: 19 PM IST
Comments