अस्पताल में भर्ती घायल युवक। – फोटो : अमर उजाला
विस्तार Follow Us
कोहेफिजा थाना क्षेत्र में बीती देर रात घर में घुसकर पांच बदमाशों ने एक प्रापर्टी डीलर को गोली मार दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में फिरोज अन्ना और आदिल नाम के बदमाशों के नाम सामने आए हैं। फरियादी के खिलाफ भी पहले से प्रकरण दर्ज है। दोनों पक्षों में किसी रंजिश को लेकर गोली चलाने की बात सामने आ रही है।
कोहेफिजा थाना पुलिस के अनुसार गोलू उर्फ शफीक शालीमार अपार्टमेंट कोहेफिजा में परिवार के साथ रहता है। शफीक प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता है। उसने पुलिस को बताया कि मैं प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता हूं और बीती रात काम से कहीं गया था। इस वजह से मैं देर रात घर लौटा। रात करीब तीन बजे मैं अपनी पत्नी के साथ बैठकर बातें कर रहा था, तभी पांच बदमाश घर मेंघुस आए।
पहले पीटा, फिर चलाई गोली
फरियादी ने पुलिस को बताया कि कमरे का गेट खुला होने के कारण पांचों बदमाश घर में घुस आए। अचानक बिना बताए घर में घुसने का कारण पूछा तो बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों का तर्क था कि पुराने मामले को लेकर मामला सुलझा क्यों नहीं रहे हो, इसके बाद फिरोज अन्ना ने गोली चला दी।
गोली फरियादी की जांघ में लगी है। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में गोलू को उसकी पत्नी लेकर अस्पताल पहुंची, इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरियादी के परिचित हैं। अभी तक दो आरोपियों फिरोज अन्ना और आदिल का नाम सामने आया है। अन्य आरोपियों के संबंध में कोहेफिजा पुलिस जानकारी जुटा रही है।
Comments