न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर Published by: अर्जुन रिछारिया Updated Fri, 23 Aug 2024 05: 58 PM IST
गुरुवार को दिनभर धूप निकलने के बाद रात से ही बारिश का दौर शुरू हो गया और शुक्रवार को देर रात तक चलता रहा। इस दौरान दो इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई।
पानी में डूबी सड़कें। – फोटो : अमर उजाला, डिजिटल, इंदौर
विस्तार Follow Us
इंदौर में गुरुवार देर रात से रिमझिम बारिश शुरू हुई थी, जो शुक्रवार सुबह तेज हो गई। देर रात से सुबह 8.30 बजे तक ही आधा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इस बीच, तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। शुक्रवार को कुछ देर के लिए सुबह धूप निकली और फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। शुक्रवार को लगभग दो इंच पानी गिरा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में लो प्रेशर एरिया की वजह से मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। इस वजह से गुरुवार रात से ही कुछ जिलों में बारिश हो रही है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसून ट्रफ के चलते इंदौर में आज तेज बारिश का अनुमान है। 25 अगस्त से सिस्टम और मजबूत हो जाएगा।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट:
बारिश के कारण दिन का तापमान 32.4 (+4) डिग्री सेल्सियस से घटकर 28.6 (+1) डिग्री सेल्सियस हो गया है। रात का तापमान भी 22.7 (+1) डिग्री सेल्सियस से घटकर 21.5 (-1) डिग्री सेल्सियस हो गया है। बारिश के साथ-साथ आद्रता में भी वृद्धि हुई है। शुक्रवार सुबह की आद्रता 98 प्रतिशत थी, जो गुरुवार की शाम की आद्रता से अधिक है।
यातायात प्रभावित
तेज बारिश के कारण इंदौर शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। लोगों को सड़कों पर सावधानी से चलना पड़ रहा है। निचली बस्तियों में पानी भर गया है और लोग परेशान हो रहे हैं। नाला टेपिंग की वजह से तीन साल से इंदौर में यही हालात चल रहे हैं। तेज बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। कुछ इलाकों में घरों में भी पानी भर गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि घरों से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेनी चाहिए और सुरक्षित स्थानों पर रहना चाहिए। अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। इसलिए, लोगों को तैयार रहने और सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की आवश्यकता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
Comments