रघुवंशी समाज के महंत कनक बिहारी दास का सड़क दुर्घटना में निधन। – फोटो : अमर उजाला
विस्तार रघुवंशी समाज के महंत कनक बिहारी दास जी महाराज का सोमवार सुबह आठ बजे नरसिंहपुर के पास सड़क हादसे में निधन हो गया। वह बरमान से छिंदवाड़ा लौट रहे थे। उनकी कार बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे महंत कनक बिहारी दास जी को गंभीर चोट आई और उनका मौके पर ही निधन हो गया। महाराज के एक शिष्य विश्राम रघुवंशी की भी मौत हो गई। हादसे में उनका ड्राइवर रूपलाल गंभीर रूप से घायल है। ड्राइवर रूपलाल को गंभीर चोट आई है, जिसे नरसिंहपुर के जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महंत के निधन पर शोक प्रकट किया है।
बरमान से लौट रहे थे नोनी कला मंदिर
चांद के प्रसिद्ध नोनी कला मंदिर से उनका गहरा लगाव था। वह काफी लंबे समय से यहीं पर विराजमान थी। ऐसे में यहां भव्य नर्मदा पुराण कथा चल रही थी। इसके प्रमुख आयोजन में वह आज शामिल होने वाले थे। सागर-नरसिंहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर अशोकनगर से छिंदवाड़ा जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान ग्राम सगरी के पास एक दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी एसयूवी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार इस कदर पलटी कि उसमें मौजूद श्रद्धालु जख्मी हो गए। महंत श्री के साथ उनके एक भक्त की भी मौत हो गई।
रघुवंशी समाज में शोक की लहर
महेंद्र कनक बिहारी दास जी महाराज के निधन की खबर लगते ही रघुवंशी समाज में शोक की लहर दौड़ पड़ी। कनक बिहारी जी रघुवंशी समाज के गौरव कहलाते थे। जैसे ही उनके निधन की खबर लोगों को लगी, काफी संख्या में लोग करेली-बरमान के लिए रवाना हो गए। करेली अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया।
एक सड़क दुर्घटना में परम श्रद्धेय संत यज्ञ सम्राट श्री श्री 1008 श्री कनक बिहारी महाराज का स्वर्गवास होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
गुरु जी का देवलोक गमन उनके समस्त शिष्यों और भक्तों के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर महाराज जी की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके… pic.twitter.com/Y8YXEx2G6P— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) April 17, 2023
अयोध्या में 9009 कुंडीय महायज्ञ की कर रहे थे तैयारी
भगवान श्री राम की भक्ति में लीन रहने वाले महंत कनक बिहारी दास जी महाराज 2024 में फरवरी महीने में श्रीराम महायज्ञ कराने जा रहे थे। इसकी तैयारियों को लेकर ही नरसिंहपुर गए थे। लौटते समय समय वह इस हादसे का शिकार हो गए। उनके निधन से छिंदवाड़ा में रहने वाले उनके सैकड़ों भक्तों में शोक की लहर है। महंत ने 2021 में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 1.11 करोड़ रुपये की राशि का चेक सौंपा था। यह राशि रघुवंशी समाज के भक्तों से एकत्र करके मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण में समर्पित की थी।
छिंदवाड़ा, विदिशा, गुना और अयोध्या में है शिष्य
महंत कनक बिहारी दास जी महाराज मूलतः विदिशा के रहने वाले हैं। वह लंबे समय से लोनीकला श्रीराम जानकी मंदिर में ही रह रहे थे। वे लगातार विदिशा, गुना और अयोध्या में विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होते थे। उनके हजारों शिष्य है, जो महाराज श्री के निधन की खबर लगते ही छिंदवाड़ा पहुंचने लगे हैं।
नकुल नाथ ने ट्वीट कर जताया दुख
कनक दास जी महाराज के निधन की खबर लगते ही सांसद नकुल नाथ ने भी ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि परम पूजनीय संत, यज्ञ सम्राट 1008 श्री कनकबिहारी महाराज जी के देवलोकगमन का अत्यंत हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। गुरुदेव जी के शिष्यों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। आपका जाना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शिष्यों को दुःख सहने की शक्ति दें।
Comments